देवरिया पुलिस की बड़ी सफलता, 50 लाख के 251 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे
देवरिया। जनपद के पुलिस की सर्विलांस सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 50 लाख रुपये कीमत के 251 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सुपुर्द कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुमशुदा मोबाइल फोन के संबंध में मिले प्रार्थना पत्रों के निस्तारण हेतु सर्विलांस सेल को लगातार ट्रैकिंग और खोजबीन के निर्देश दिए गए थे। टीम ने नियमानुसार प्रयास करते हुए कुल 251 मोबाइल फोन बरामद किए, जिन्हें 6 मई 2026 को संबंधित आवेदकों को वापस सौंप दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि आज के समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और अपराधी सोशल मीडिया, फर्जी कॉल, ई-मेल व ऑनलाइन ठगी के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी अंजान व्यक्ति से साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक या मोबाइल ऐप से दूर रहें। साथ ही उन्होंने बताया कि साइबर अपराध से संबंधित शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 जारी किया गया है, जिस पर तत्काल शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस या डायल 112 पर दें।
बरामदगी करने वाली टीम में निरीक्षक सादिक परवेज (प्रभारी सर्विलांस सेल), कांस्टेबल सम्मी कुमार, मुख्य आरक्षी विमलेश सिंह, मुख्य आरक्षी सुधीर कुमार मिश्र, आरक्षी सुमंत यादव व आरक्षी विन्देश्वर यादव शामिल रहे।
