देवरिया की रुचि शुक्ला को वारसॉ यूनिवर्सिटी, पोलैंड में रिसर्च पेपर पर व्याख्यान के लिए मिला आमंत्रण

देवरिया की रुचि शुक्ला को वारसॉ यूनिवर्सिटी, पोलैंड में रिसर्च पेपर पर व्याख्यान के लिए मिला आमंत्रण

देवरिया। जनपद की बेटी रुचि शुक्ला को पोलैंड की प्रतिष्ठित वारसॉ यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी में होने वाले "European Materials Research Society (E-MRS) 2025 Fall Meeting" में शोध पत्र प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रण मिला है। बता दें कि यह सम्मेलन आगामी 15 से 18 सितंबर 2025 तक आयोजित होगा, जिसमें वे अपना व्याख्यान देंगी।

रुचि शुक्ला वर्तमान में आईआईटी (BHU), वाराणसी के रसायन विभाग में पीएच.डी. कर रही हैं। उनके शोध पत्र का शीर्षक है – “Bio-inspired Out-of-Equilibrium Semiconducting Hydrogels: Unlocking Fuel and Light-Responsive Transient Conducting Properties”, जिसे Symposium T के अंतर्गत प्रस्तुत किया जाएगा। उनकी पूरी यात्रा का व्यय अनुसंधान नेशनल  रिसर्च फाउंडेशन, जो एक अत्यंत प्रतिष्ठित सरकारी संगठन है, उसके द्वारा वहन किया जा रहा है।

रुचि शुक्ला की यह उपलब्धि जिले और प्रदेश के लिए गौरव की बात है। रुचि, संस्कृतायन इंटर कॉलेज, मलाव (गोरखपुर) के व्याख्याता मधुसूदन शुक्ला की सुपुत्री हैं। उनके दादा श्री लल्लन शुक्ला और दादी स्वर्गीय उर्मिला देवी किसान पृष्ठभूमि से थे, जिन्होंने अपने श्रम, संघर्ष और मूल्यों से पूरे परिवार को शिक्षा और प्रगति की प्रेरणा दी। उनकी माता मीरा शुक्ला भी एक सम्मानित शिक्षिका हैं।

उनकी छोटी बहन ऋचा शुक्ला एक हाई स्कूल शिक्षिका हैं, उनके बड़े भाई अवनींद्र शुक्ला आईआईटी से स्नातक हैं, जबकि छोटे भाई मयंक शुक्ला वर्तमान में सरकारी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। रुचि की यह उपलब्धि उनके परिश्रम और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का परिणाम है, जो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।