टी 20 वर्ल्ड कप में भारत की पाकिस्तान पर 61 रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत
टी 20 वर्ल्ड कप में भारत की पाकिस्तान पर 61 रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत
कोलंबो । भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने कोलंबो में खेले गए मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी टीम को 61 रनों से हराया। भारत ने ईशान किशन के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाये थे जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने टूर्नामेंट में लगातार अपनी तीसरी जीत हासिल की है, जिसके साथ ही भारतीय टीम ने सुपर-8 में भी अपनी जगह को पक्का कर लिया है।
पाकिस्तान की हार इतनी बड़ी रही कि टीम ग्रुप ए की अंक तालिका में अमेरिका से भी नीचे आ गया है। पाकिस्तान की टीम तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंक लेकर तीसरे स्थान पर खिसक गई है, जबकि अमेरिका की टीम चार मैचों में दो जीत और दो हार के साथ चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर आ गई है। पाकिस्तान को अगर सुपर आठ के लिए क्वालिफाई करना है तो उसे हर हाल में नामीबिया के खिलाफ मैच जीतना होगा।
टीम इंडिया की ये टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में रनों के अंतर से 7वीं बड़ी जीत है। भारतीय टीम की टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी फुल मेंबर्स टीम के खिलाफ देखी जाए तो ये छठी सबसे बड़ी जीत है।
