30 नवंबर को भी 30 हजार फॉर्म प्राप्त करने एवं ऑनलाइन अपलोड करने का लक्ष्य निर्धारित
देवरिया। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के अंतर्गत रविवार को आयोजित बूथ दिवस पर प्राप्त फॉर्म-6 की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रविष्टि की प्रगति की जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गूगल मीट के माध्यम से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जनपद के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में फॉर्म-6 प्राप्त करने और उनकी ऑनलाइन प्रविष्टि की स्थिति की जानकारी ली। अभियान में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इसी उत्साह, तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखा जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 30 नवंबर को भी विशेष अभियान के तहत जनपद में 30 हजार फॉर्म-6 प्राप्त करने एवं उन्हें ऑनलाइन अपलोड करने का लक्ष्य रखा गया है। सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ), खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने प्राप्त फॉर्मों की ऑफलाइन एवं ऑनलाइन प्रविष्टि में तेजी लाने तथा किसी भी फॉर्म को लंबित न रखने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में अब तक प्राप्त फॉर्म-6 की स्थिति का जायजा लेते हुए कार्यों को पूरी गंभीरता से संपादित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना अभियान की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी बूथ स्तर पर प्रभावी ढंग से कार्य करें।
जिलाधिकारी ने सभी रिटर्निंग ऑफिसरों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में मंडल बूथ एवं पिंक बूथ बनाए जाने के लिए उपयुक्त बूथों का चयन समय से सुनिश्चित कर लें, ताकि इनके गठन की आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय से अभियान को सफल बनाया जा सकता है। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, एएसडीएम अखिलेश यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके सिंहा सहित जनपद के सातों विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
