विशेष मतदाता कैंपों में पहुंचे अधिकारी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

विशेष मतदाता कैंपों में पहुंचे अधिकारी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

विशेष मतदाता कैंपों में पहुंचे अधिकारी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कौशाम्बी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शनिवार को जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए विशेष कैंपों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत चायल की उप जिलाधिकारी (एसडीएम) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रेरणा गौतम ने विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं को देखा और अभियान की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रेरणा गौतम ने तैनात कार्मिकों से पंजीकरण कार्य की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने को प्राथमिकता दी जाए। कैंप में आने वाले किसी भी नागरिक को फॉर्म भरने या आवेदन प्रक्रिया में असुविधा नहीं होनी चाहिए।

एसडीएम ने कहा कि आयोग की मंशा 'कोई मतदाता न छूटे' के संकल्प को धरातल पर उतारने की है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक समावेशी बनाने के लिए हर पात्र नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है। निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्मिक पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत जनपद की तीनों विधानसभा सीटों— 251-सिराथू, 252-मंझनपुर (अजा) और 253-चायल के विभिन्न बूथों पर कैंप लगाए गए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी शालिनी प्रभाकर सहित अन्य संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के मतदेय स्थलों का दौरा कर औचक निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।