18 मार्च को वृहद रोजगार मेला, 1000 से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार
देवरिया। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, देवरिया के तत्वावधान में 18 मार्च, 2026 को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले में अब तक टाटा मोटर्स, अशोक लेलैंड, एल एंड टी, आईसीआईसीआई बैंक (इन कंपनियों द्वारा देवरिया व आसपास के जनपदों हेतु भर्ती की जाएगी), क्वैस कॉर्प, केमिकल एंड अलाइड प्रोडक्ट्स लिमिटेड (देवरिया), इलेक्ट्रो ग्रीन सॉल्यूशंस (देवरिया), टीमलीज (देवरिया हेतु भर्ती), पेरे ग्रीन सिक्योरिटी, रामायणी सोलर, श्रीराम फाइनेंस तथा सत्या माइक्रो कैपिटल सहित कुल 30 प्रतिष्ठित कंपनियों/फर्मों द्वारा प्रतिभाग किए जाने की सहमति प्राप्त हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि कंपनियों की सहमति निरंतर प्राप्त हो रही है और मेले में 30 से अधिक स्थानीय एवं बाहरी कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इस रोजगार मेले के माध्यम से 1000 से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मेले में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर की गरिमामयी उपस्थिति होनी है।
सीडीओ ने बताया कि इस रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, बीटेक, स्नातक एवं परास्नातक योग्यता रखने वाले 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने शैक्षिक प्रमाण पत्र एवं बायोडाटा के साथ 18 मार्च, 2026 को प्रातः 9:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सलेमपुर रोड, सोन्दा, देवरिया में उपस्थित होना होगा। यह वृहद रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है।
