युवाओं के जोश और सेवा भावना के साथ एनएसएस शिविर का भव्य आगाज़
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का उद्घाटन बुधवार को हुआ। मुख्य अतिथि केशलाल ने एनएसएस के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह शिविर युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का विकास करती है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक है।
मुख्य वक्ता आत्म प्रकाशधर द्विवेदी ने कहा,"आज का युवा यदि रील लाइफ की चमक से निकलकर रियल लाइफ की चुनौतियों को स्वीकार करेगा, तभी समाज और राष्ट्र का वास्तविक विकास संभव होगा।" अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक चेतना का सशक्त माध्यम है, जो उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है। स्वागत भाषण कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुराग मिश्र ने दिया।
इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. अजय मौर्या, डॉ. विशाल यादव, डॉ. प्रमेन्द्र विक्रम सिंह, डॉ. शशिकांत यादव, डॉ. वनिता सिंह, डॉ. प्रियंका कुमारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उद्देश्य सिंह ने प्रभावशाली ढंग से किया। शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैलियां, स्वास्थ्य शिविर, पर्यावरण संरक्षण, ग्राम सेवा सहित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से स्वयंसेवक समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर दिव्यांशु सिंह, पृथ्वी राज सिंह, मनीष यादव, मोनू कुमार, अर्पिता यादव, आलोक मिश्रा, शंभू चौरसिया, रजनीश कन्हैया यादव, सौरभ सिंह, सिद्धार्थ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
