देवरिया में डीएम और एसपी ने किया पैदल गश्त, आमजन से संवाद कर दिलाया सुरक्षा का भरोसा
देवरिया में डीएम और एसपी ने किया पैदल गश्त, आमजन से संवाद कर दिलाया सुरक्षा का भरोसा
देवरिया । जनपद में आगामी दुर्गापूजा, दशहरा एवं नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत जिलाधिकारी देवरिया मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री आनंद कुमार पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर श्री संजय कुमार रेड्डी एवं थाना कोतवाली पुलिस बल के साथ थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत सुभाष चौक से होकर रेलवे स्टेशन, मोतीलाल रोड एवं हनुमान मंदिर सहित प्रमुख स्थानों पर पैदल गश्त की गई।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों द्वारा प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही आमजन, दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली गई तथा आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया।
त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
इस दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
देवरिया पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु निरंतर पैदल गश्त, ड्रोन कैमरों से निगरानी एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
