डेढ़ साल पहले बसी थी गृहस्थी, ट्रैक्टर हादसे ने छीन ली प्रियांशु की जिंदगी

डेढ़ साल पहले बसी थी गृहस्थी, ट्रैक्टर हादसे ने छीन ली प्रियांशु की जिंदगी

भदोही। ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के बड़वापुर गांव के पास मंगलवार को पुआल लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी भी घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

थानीपुर निवासी प्रियांशु सरोज (24) पुत्र स्व. बसंत लाल सरोज अपने साथी दिनेश सरोज (32) के साथ बाइक से जा रहा था। बताया जाता है कि बड़वापुर स्थित नहर के पास उगापुर की तरफ से आ रहे पुआल लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में प्रियांशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिनेश को चोटें आईं।

प्रियांशु सात भाइयों में छठवें नंबर पर था। करीब डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। अभी उसके कोई संतान नहीं थी। वह मुंबई में निजी नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से पत्नी की जिंदगी में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है।