जिलाधिकारी ने की विद्युत से जुड़े कार्य आवश्यकताओं के विभागों की समीक्षा

जिलाधिकारी ने की विद्युत से जुड़े कार्य आवश्यकताओं के विभागों की समीक्षा

देवरिया। कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत कार्य आवश्यकताओ वाले विभागों की आवश्यक बैठक जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों में विद्युत कनेक्शन, ट्रांसफार्मर लगाए जाने, ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि तथा ट्रांसफार्मर एवं पोल शिफ्ट किए जाने से संबंधित लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

        जिलाधिकारी ने कहा कि विद्युत विभाग की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्युत संबंधी कार्य लंबित रहने से संबंधित विभागों को अपने कार्यों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में विद्युत विभाग अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील रहते हुए विभागों के लंबित विद्युत प्रकरणों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करे।

          बैठक में आईसीडीएस, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, नलकूप, आईटीआई सहित नगर निकायों में विद्युत कनेक्शन, ट्रांसफार्मर एवं अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए।

          आईटीआई सलेमपुर के प्रधानाचार्य ने संस्थान परिसर में नियमित विद्युत आपूर्ति के लिए आवश्यक व्यवस्था किए जाने तथा एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाने की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों तथा आईसीडीएस के आंगनबाड़ी केंद्रों में लंबित विद्युत कनेक्शन शीघ्र कराए जाने के निर्देश दिए गए।

         जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, नलकूपों एवं अन्य सरकारी संस्थानों में विद्युत संबंधी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि विभागीय कार्यों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। नगर निकायों में लंबित विद्युत प्रकरणों का भी शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

          बैठक में अधीक्षण अभियंता अमित कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिशचंद्रनाथ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामजीयावन मौर्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा, आईटीआई के प्रधानाचार्य के के राम, जल निगम एवं ग्रामीण क्षेत्र के अधिशासी अभियंता गण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।