अवैध खनन पर डीएम का कड़ा एक्शन, 10 वाहन सीज, 5 लाख जुर्माना वसूला
खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप
गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा के सख्त निर्देशों पर शनिवार को खनन विभाग गोरखपुर ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस कार्रवाई में कुल 10 वाहनों को सीज किया गया और करीब 5 लाख रुपये का जुर्माना वसूल कर राजकोष में जमा कराया गया।
खनन विभाग की टीम ने थाना चौरी-चौरा क्षेत्र से 6 वाहन, थाना रामगढ़ताल क्षेत्र से 2 वाहन और थाना बेलीपार क्षेत्र से 2 वाहन को अवैध रूप से खनिज परिवहन करते हुए पकड़ा। सभी वाहन बिना वैध प्रपत्रों के पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया गया और संबंधित वाहन स्वामियों पर अर्थदंड लगाया गया।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने साफ साफ कहा कि जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने खनन विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों में निरंतर अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही साथ डीएम ने यह भी कहा कि अवैध खनन से न सिर्फ सरकारी राजस्व को नुकसान होता है, बल्कि पर्यावरण, सड़क सुरक्षा और आमजन की जान-माल पर भी गंभीर खतरा पैदा होता है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि खनन से जुड़े सभी कार्य नियमों और कानून के दायरे में हों।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध खनन और ओवरलोडिंग में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है, जबकि आम जनता ने जिलाधिकारी के इस कड़े रुख का स्वागत किया है। खनन विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
