राजस्व वसूली एवं कर-करेत्तर की समीक्षा को लेकर डीएम ने की बैठक 

राजस्व वसूली एवं कर-करेत्तर की समीक्षा को लेकर डीएम ने की बैठक 

लक्ष्यपूर्ति में शिथिलता पर अधिकारियों को चेतावनी, बड़े बकायेदारों से वसूली में तेजी लाने के दिए निर्देश

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर, राजस्व वसूली, चकबंदी तथा राजस्व वादों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने वसूली कार्यों की मासिक लक्ष्यपूर्ति के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश अधिकारियों को दिए तथा शिथिलता बरतने पर चेतावनी दी।

         जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को जुलाई माह में प्रत्येक नगर पंचायत के पांच बड़े कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नगर पंचायतों को अगली बैठक तक कर एवं करेत्तर वसूली के वार्षिक लक्ष्य का 30 प्रतिशत हर हाल में पूरा करने के लिए सचेत किया। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दर्शन में समय से बैठें, समस्याओं का निस्तारण करें तथा प्रयास करें कि अधिकतम शिकायतों का समाधान उनके स्तर पर ही हो। उन्होंने आबकारी अधिकारी, व्यापार कर अधिकारी तथा सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को कड़ी चेतावनी देते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही उप संचालक चकबंदी को चकबंदी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने तथा चकबंदी लेखपालों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए।

           आरसी, भू-राजस्व, विविध देय एवं बैंक देयों की वसूली में तेजी लाकर लक्ष्यपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अगले माह तक अपेक्षित प्रगति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने तहसीलदारों को आगाह करते हुए कहा कि प्रगति नहीं आने पर उनका वेतन भी बाधित किया जाएगा। उन्होंने 10 बड़े बकायेदारों से वसूली को प्राथमिकता देने, राजस्व वादों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा कर्मचारियों के देयकों का समय से निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

          जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों एवं योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।

         बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी वी.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर, उपजिलाधिकारीगण, तहसीलदार, उप संचालक चकबंदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।