भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा उग्रसेन सेतु, जल्द निर्माण न होने पर धरने की चेतावनी: विजय रावत
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा उग्रसेन सेतु, जल्द निर्माण न होने पर धरने की चेतावनी: विजय रावत
देवरिया। बरहज में करोड़ों रुपये की लागत से बना उग्रसेन सेतु निर्माण के महज दो महीने के भीतर ही टूट कर बिखर गया है। पुल निर्माण में हुए भारी भ्रष्टाचार की जाँच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और जनहित में इसके जल्द पुनर्निर्माण की माँग को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता विजय रावत ने बरहज तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सपा नेता विजय रावत ने प्रदेश सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी पुल का दो महीने के भीतर टूट जाना साफ तौर पर घटिया निर्माण और बड़े घोटाले का सबूत है। रावत ने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकारी विभागों में लूट मची है और जिम्मेदार अधिकारी आँखें मूँदकर बैठे हैं। इसी लापरवाही का नतीजा है कि बनते ही सड़कें और पुल ध्वस्त हो रहे हैं, जिससे जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा पानी में बह रहा है और आम जनमानस का जीवन खतरे में पड़ रहा है।
सपा नेता ने प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उग्रसेन सेतु का मरम्मत व पुनर्निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू नहीं कराया गया, तो समाजवादी पार्टी चुप नहीं बैठेगी और जनहित में उग्रसेन सेतु पर ही विशाल धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
इस दौरान मुख्य रूप से अजीत प्रसाद, विकास यादव, सोनू सिंह, राहुल यादव, राजू प्रजापति, रवि यादव, सुशील सिंह, अनिश शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
