बंद चीनी मिलों को चालू करने और गन्ने का मूल्य ₹600 प्रति क्विंटल करे सरकार -- रामाशीष राय 

बंद चीनी मिलों को चालू करने और गन्ने का मूल्य ₹600 प्रति क्विंटल करे सरकार -- रामाशीष राय 

बंद चीनी मिलों को चालू करने और गन्ने का मूल्य ₹600 प्रति क्विंटल करे सरकार -- रामाशीष राय 

देवरिया। भारतीय राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एम.एल.सी. रामाशीष राय ने कहा है कि उनकी पार्टी राजनीति में 'रिफॉर्म और परिवर्तन' के संकल्प के साथ गठित की गई है। उन्होंने कहा कि 1974-75 में लोकनायक जयप्रकाश नारायण द्वारा दिया गया 'संपूर्ण क्रांति' और आमूल-चूल बदलाव का नारा आज भी अधूरा है। जेपी के विचारों और जनता पार्टी की नीतियों के माध्यम से देश में रचनात्मक व सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।

वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री राय ने कहा कि आज देश की राजनीति गंभीर और नाजुक दौर से गुजर रही है, जो बड़े देशी-विदेशी कॉर्पोरेट घरानों से संचालित हो रही है। इसके परिणामस्वरूप महंगाई, बेरोजगारी और प्रलयकारी भ्रष्टाचार चरम पर है, जिससे आम आदमी त्रस्त है।

पूर्व एम.एल.सी. ने आरोप लगाया कि 2014 के लोकसभा चुनाव में महंगाई कम करने और प्रतिवर्ष 2 करोड़ रोजगार देने के वादे खोखले साबित हुए हैं। लाखों सरकारी पद रिक्त होने के बावजूद स्थायी भर्ती के बजाय आउटसोर्सिंग, ठेका और अनुबंध पर काम कराया जा रहा है, जो युवाओं के साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही गई थी, लेकिन आज किसानों के लिए अपनी फसल की लागत मूल्य निकालना भी मुश्किल हो गया है।

रामाशीष राय ने कहा कि देश आज चौतरफा संकटों से घिरा है। एक तरफ अर्थव्यवस्था गंभीर संकट में है और भारत बड़े कर्ज के बोझ तले दबा है, तो दूसरी तरफ चीन और पाकिस्तान सीमा पर स्थिति अत्यंत चुनौतीपूर्ण बनी हुई है, जहाँ आए दिन झड़पों में जवान शहीद हो रहे हैं। उन्होंने लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं पर हो रहे आघातों पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे समय में जयप्रकाश नारायण की संपूर्ण क्रांति और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की शुचिता की राजनीति ही उनकी पार्टी का मूल विचार दर्शन है।

पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि आगामी 18 नवंबर को लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मभूमि सिताब दियारा से 'जयप्रकाश नारायण विचार संदेश यात्रा' का शुभारंभ किया जाएगा। इस यात्रा के तहत पूर्वांचल के गाँव-गाँव में गोष्ठियों का आयोजन कर लोकतंत्र, संविधान और संपूर्ण क्रांति की विचारधारा पर चर्चा की जाएगी।