डीसीएम चालक की देवरिया के खुखुन्दू थाने के बैरक में मौत, गांजा तस्करी के आरोप में खुखुन्दू पुलिस हिरासत में था बृजपाल
डीसीएम चालक की देवरिया के खुखुन्दू थाने के बैरक में मौत, गांजा तस्करी के आरोप में खुखुन्दू पुलिस हिरासत में था बृजपाल
देवरिया के खुखुंदू थाने में गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति की पुलिस हिरासत में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हवालात में बंद आरोपी ने फांसी का फंदा लगा लिया। पुलिस तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पंचायतनामा मजिस्ट्रेट से भरवाने और डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम कराने की बात कही गई है। अब सवाल यह है कि हवालात के भीतर ऐसी घटना कैसे हुई और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं चूक तो नहीं हुई?
मामला खुखुंदू थाना परिसर में बने बंदी गृह का है पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर को एसटीएफ और खुखुंदू पुलिस की कार्रवाई में गांजा तस्करी के आरोप में बृजपाल सिंह पुत्र कैलाश सिंह, निवासी अमरोहा देहात, जिला अमरोहा को गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 248/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में कार्रवाई की गई थी।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के अनुसार, 3 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे हवालात में बंद आरोपी ने फांसी का फंदा लगा लिया। पुलिस उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद हवालात की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर पुलिस अभिरक्षा में बंद आरोपी तक ऐसा कदम उठाने का मौका कैसे पहुंचा? क्या हवालात में नियमित निगरानी की जा रही थी? इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि मामले में मजिस्ट्रेट द्वारा पंचायतनामा भरवाया जाएगा और डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस के अनुसार, आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और मौके पर शांति बनी हुई है।
वहीं अमरोहा संवाददाता के अनुसार अमरोहा देहात क्षेत्र के सोंडाला फरीदपुर निवासी 38 वर्षीय डीसीएम चालक बृजपाल की देवरिया में पुलिस कस्टडी के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में चर्चा का माहौल है और परिवार में मातम छा गया। परिजन शव लेने के लिए देवरिया रवाना हो गए हैं।
परिजनों के अनुसार, बृजपाल शुक्रवार को डीसीएम से माल लेकर देवरिया जा रहे थे। रास्ते में पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली। इस दौरान वाहन से गांजा मिलने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए थाने ले गई थी। बाद में परिजनों को तबीयत बिगड़ने और मौत की सूचना दी गई।
बृजपाल की पत्नी पूनम ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि पति की मौत की परिस्थितियों की जांच होनी चाहिए। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
परिजनों के अनुसार, पुलिस ने डीसीएम की तलाशी के दौरान गांजा मिलने की बात बताई थी। गांजा वाहन में कैसे और किसका पहुंचा, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। इसी तरह बृजपाल की तबीयत किन परिस्थितियों में बिगड़ी और उनकी मौत कैसे हुई, यह भी जांच के बाद स्पष्ट होगा।
