विधि विद्यार्थियों ने निकाली विधिक जागरूकता रैली, कुलपति ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना,
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी विधिक सहायता एवं सेवा केंद्र के तत्वावधान में गुरुवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर विधि संस्थान में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधिक जागरूकता रैली भी निकाली गई। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधि विभाग के विभागाध्यक्ष एवं संस्थान के निदेशक प्रो. विनोद कुमार ने जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित योजनाओं और गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विधि के विद्यार्थियों की समाज में कानूनी जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों को जरूरतमंद लोगों तक उनके अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी पहुंचाने के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में विधिक सेवा केंद्र के सह-संयोजक डॉ. इंद्रजीत सिंह ने निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित नियमों, केंद्र की जागरूकता गतिविधियों तथा आमजन को उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना विधिक सेवा का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम का संचालन विधिक सेवा केंद्र के संयोजक डॉ. मंगला प्रसाद यादव ने किया। स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन केंद्र के सह-संयोजक डॉ. दिनेश सिंह ने किया।
कार्यक्रम के बाद विधि संस्थान के शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता रैली निकाली। रैली में विद्यार्थियों ने निःशुल्क विधिक सहायता, नागरिक अधिकारों एवं विधिक सेवाओं की उपयोगिता से जुड़े नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। विद्यार्थियों ने गरीब, वंचित एवं दिव्यांगजनों को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी देने तथा जरूरतमंदों तक विधिक सहायता पहुंचाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर डॉ. विपिन सिंह, डॉ. अनुराग मिश्र, डॉ. अंकित कुमार, डॉ. शुभम सिंह, डॉ. आश्रया दुबे, डॉ. वनिता सिंह, डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. राजन तिवारी सहित विधि संस्थान के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
