पूर्वांचल विश्वविद्यालय में मूल्यांकन और रिजल्ट के लिए 10 समितियां गठित
सेमेस्टर परीक्षाओं के साथ ही शुरू हो जाएगा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (वीबीएसपीयू) प्रशासन ने आगामी स्नातक एवं स्नातकोत्तर विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के सुचारू संचालन, मूल्यांकन और समय पर परिणाम घोषित करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर दस समितियों का गठन किया गया है। सोमवार को कुलपति सभागार में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी समितियों के दायित्व तय किए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता और गुणवत्ता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। परीक्षा संचालन से लेकर मूल्यांकन और परिणाम घोषणा तक प्रत्येक स्तर पर पूर्ण पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित रखरखाव, ओएमआर सत्यापन, ऑनलाइन उपस्थिति और मूल्यांकन केंद्रों की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि छात्रों को समय पर परिणाम मिल सके, इसके लिए सेमेस्टर परीक्षाओं के साथ ही मूल्यांकन कार्य भी समानांतर रूप से शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय परिसर व संबद्ध महाविद्यालयों की व्यवस्थाओं के लिए गठित समितियों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
विश्वविद्यालय द्वारा गठित दस समितियों में डॉ. योगेंद्र प्रताप सिंह को मूल्यांकन कार्य समिति तथा डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह को परिसर मूल्यांकन एवं परिणाम समिति का संयोजक बनाया गया है। संबद्ध महाविद्यालयों की डाटा प्रोसेसिंग व परिणाम घोषणा समिति की जिम्मेदारी डॉ. विशाल यादव को दी गई है। इसके अलावा चीफ प्रॉक्टर प्रो. अजय प्रताप सिंह को आवास समिति, संजय शर्मा को समन्वय एवं मूल्यांकन केंद्र समिति, डॉ. नृपेन्द्र सिंह को उपस्थिति एवं उत्तर पुस्तिका प्रबंधन समिति तथा डॉ. संजीव गंगवार को अंक प्रमाणीकरण एवं ओएमआर सत्यापन समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं, अतुल गुप्ता को ऑनलाइन उपस्थिति सत्यापन, श्याम त्रिपाठी को जलपान, स्वच्छता व विद्युत व्यवस्था और नीरज कुमार को उत्तर पुस्तिका आवंटन एवं संग्रहण समिति का प्रभारी बनाया गया है।
