देवरिया में शिक्षकों ने सांसद शशांक मणि को सौंपा ज्ञापन, पुराने शिक्षकों के TET से मुक्ति की मांग

देवरिया में शिक्षकों ने सांसद शशांक मणि को सौंपा ज्ञापन, पुराने शिक्षकों के TET से मुक्ति की मांग

देवरिया। टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर देवरिया में भी शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई। 14 जुलाई 2026 को जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों शिक्षकों ने देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी के पैतृक आवास बरपार (बैतालपुर) पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टी.ई.टी. (TET) परीक्षा की अनिवार्यता से मुक्त करने की मांग की।

शिक्षकों ने सांसद से अनुरोध किया कि वे आगामी मानसून सत्र में संसद के भीतर अध्यादेश लाकर आवश्यक संविधान संशोधन करवाएं। उनका कहना था कि ऐसा करने से हजारों शिक्षकों का भविष्य सुरक्षित हो सकेगा।

संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) 2009 के तहत वर्ष 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी (TET) योग्यता परीक्षा उत्तीर्ण करने से छूट दी गई थी। हालांकि, बाद में इस नियम को पुराने शिक्षकों पर भी लागू कर दिया गया, जिसे वे पूरी तरह से अन्यायपूर्ण मानते हैं।

जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा, "साल 2017 के संशोधन के बाद सुप्रीम कोर्ट के एक निर्णय के कारण अब इन पुराने शिक्षकों की नौकरी पर सीधा खतरा उत्पन्न हो गया है। इस गंभीर समस्या का एकमात्र समाधान यह है कि केंद्र सरकार संसद के मानसून सत्र में अध्यादेश लाकर कानून में आवश्यक बदलाव करे। इसी मांग को लेकर पूरे देश में राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जा रहा है।"

सांसद शशांक मणि त्रिपाठी के आवास पर ज्ञापन सौंपते समय भारी संख्या में शिक्षक और संगठन के पदाधिकारी मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में सरकार से इस संवेदनशील मुद्दे पर तत्काल कदम उठाने की मांग की।

इस अवसर पर जिला मंत्री आनंद प्रकाश यादव, उपाध्यक्ष डॉ. सत्य प्रकाश सिंह, जिला कोषाध्यक्ष जयप्रकाश मणि, जिला संयुक्त मंत्री ऋषिकेश जायसवाल, संरक्षक बैजनाथ पति त्रिपाठी, उपाध्यक्ष शफीक अहमद खान, विनोद कुमार मिश्रा, संजय कुमार मिश्रा, रागिनी सिंह, नित्यानंद यादव, संदीप कुमार द्विवेदी, निर्भय राय, आलोक कुमार सिंह, राकेश चौबे, गोपाल राय, नीरज श्रीवास्तव, अजेंद्र सिंह, दीपक मणि, हरिश्चंद तिवारी, नितेश श्रीवास्तव, अब्दुल्ला, विनय मिश्र, शैलेश श्रीवास्तव, सुधांशु राय और सुधीर तिवारी सहित कई शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।