देवरिया डीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अनुपस्थित रहने पर एसडीएम सदर को जारी की चेतावनी
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने 10 नवंबर को सायं 5 बजे मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अनुपस्थित रहने पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर अनिमेष वर्मा को चेतावनी जारी की है। उक्त बैठक में समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को स्वयं प्रतिभाग करना अनिवार्य था।
जिलाधिकारी ने अनुपस्थिति को पदीय दायित्वों के प्रति उदासीनता एवं कर्मचारी आचरण नियमावली के प्रतिकूल मानते हुए भविष्य में सभी महत्वपूर्ण बैठकों एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में निर्धारित तिथि व समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं उनकी होगी।
