टेंट में करंट लगने से युवक झुलसा, सीएचसी में भर्ती
सलेमपुर (देवरिया)। जनपद के सलेमपुर थाना क्षेत्र के अहिरौली लाला गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अम्बेडकर जयंती की तैयारी के दौरान टेंट में काम कर रहे एक युवक करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहिरौली लाला निवासी शेषनाथ कुमार (पुत्र परमेश्वर प्रसाद) गांव में अम्बेडकर जयंती कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी दौरान टेंट में बिजली का कनेक्शन ठीक करते समय अचानक उन्हें करंट लग गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आनन-फानन में परिजन और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
