गाड़ी को धक्का देकर दी भावभीनी विदाई, मोहित अग्रवाल के कार्यकाल को पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारियों ने सराहा

गाड़ी को धक्का देकर दी भावभीनी विदाई, मोहित अग्रवाल के कार्यकाल को पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारियों ने सराहा

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के निवर्तमान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को रविवार को ताज होटल में आयोजित समारोह में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने भावभीनी विदाई दी। इस दौरान सबसे भावुक पल तब देखने को मिला, जब वरिष्ठ अधिकारियों ने स्नेह और सम्मान के प्रतीक स्वरूप उनकी गाड़ी को स्वयं धक्का देकर उन्हें विदा किया।

समारोह में मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन, एडीजी जोन नवीन अरोरा, नवनियुक्त पुलिस आयुक्त किरण एस., डीआईजी वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण कर उन्हें सम्मानित किया।

अधिकारियों ने श्री अग्रवाल के 2 वर्ष 8 माह के कार्यकाल को नवाचार और बेहतर समन्वय का अध्याय बताया। उनके नेतृत्व में महाकुंभ-2025 के दौरान 10 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं, अक्टूबर 2026 के एयर शो में 25 लाख की भीड़ और 100 से अधिक वीवीआईपी दौरों का कुशल प्रबंधन हुआ। वहीं, 2024 के लोकसभा व एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराए गए।

अपराध नियंत्रण के लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत 125 से अधिक अपराधियों को मुठभेड़ में घायल किया गया और एसओजी-2 का गठन हुआ। साइबर अपराध पर प्रहार करते हुए 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां की गईं और आधा दर्जन अवैध कॉल सेंटर बंद कराए गए, जिससे 2026 में साइबर अपराध 35 फीसदी तक घटे। यातायात सुधार के लिए विश्वनाथ मंदिर के पास नो-व्हीकल जोन, ई-रिक्शा बारकोड, यू-टर्न और पार्किंग के लिए येलो-ग्रीन लाइन व्यवस्था लागू की गई।

उनके प्रयासों से सीएम डैशबोर्ड पर वाराणसी कमिश्नरेट 70वें स्थान से सीधे टॉप-5 में पहुंचा। इसके अलावा चार नए थानों के निर्माण और पुलिस लाइन में जिम व बैडमिंटन हॉल जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित हुईं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें गृह मंत्रालय से 'उत्कृष्ट सेवा पदक' और आईआईएम मुंबई से 'विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान' भी मिला। अंत में अधिकारियों ने उनकी त्वरित निर्णय क्षमता और फील्ड नेतृत्व की सराहना की।