कट्टा दिखाकर रंगदारी मांगने और पूर्व चेयरमैन पर हमले का आरोपी गिरफ्तार, लालगंज पुलिस की कार्रवाई में देशी तमंचा बरामद
बस्ती। जनपद बस्ती की थाना लालगंज पुलिस ने कस्बा महादेवा में कट्टा दिखाकर रंगदारी मांगने और संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र स्थित हरिहरपुर पंचायत के पूर्व चेयरमैन पर कथित रूप से पैसे लेकर हमला करने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार पाठक के नेतृत्व में थाना लालगंज पुलिस टीम वांछित अभियुक्तों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों मामलों में वांछित आरोपी शोभनापार मोड़ से लगभग 200 मीटर आगे पुलिया के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिनव पाल उर्फ विनय पाल पुत्र सूर्य प्रकाश पाल निवासी तेनुआ, थाना लालगंज, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी थाना लालगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 178/2026 तथा थाना महुली, जनपद संतकबीरनगर में दर्ज मुकदमा संख्या 276/2026 में वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की गई और न्यायालय भेज दिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक 12 बोर का देशी कट्टा, एक जिंदा 12 बोर कारतूस, काले रंग की बजाज पल्सर-200 मोटरसाइकिल तथा 200 रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में आगे की कार्रवाई भी की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न मामलों में बस्ती और संतकबीरनगर के अलग-अलग थानों में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना लालगंज, थाना महुली और थाना नगर में दर्ज मामले शामिल हैं
