किसान नेताओं को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट
वाराणसी/जौनपुर। पूर्वांचल किसान संगठन की तरफ से चंदवक क्षेत्र के ढेरही स्थित टोल प्लाजा को हटाने की मांग को लेकर बुधवार 30 सितंबर को टोल प्लाजा पर आयोजित धरना प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने बजरंगनगर व्यापार मंडल के महामंत्री विकास सिंह आशु को उनके लेवरुआ स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट किया है। उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस तैनात हैं। इसके अलावा हटवा निवासी अरविंद पांडेय को भी हाउस अरेस्ट किया है।
रामदेवपुर निवासी भानु खरवार व राम भरत गुप्ता, घोरदौड़ निवासी सूर्यनाथ सिंह, पड़सौरी निवासी राज बहादुर, बलुवा निवासी बंशराज के घर पुलिस तैनात कर दी गई है लेकिन वे लोग घर पर नहीं मिले।
इसके अलावा वाराणसी जिले के जन्सा के हरसोस गांव निवासी पूर्वांचल किसान यूनियन के अध्यक्ष योगीराज सिंह पटेल, राजातालाब के कचनार गांव निवासी यूनियन के पूर्व मुख्य उपाध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार गुप्ता, मिर्जामुराद के नागेपुर निवासी लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर, अराजीलाइन ब्लाक के प्रधान संघ के अध्यक्ष नागेपुर ग्राम प्रधान मुकेश पटेल, हरपुर ग्राम प्रधान शिवकुमार राजभर, मेहदीगंज निवासी गणेश शर्मा, मनरेगा मजदूर यूनियन के संयोजक सुरेश राठौर, मुस्तफा को हाउस अरेस्ट किया है। पूर्वांचल किसान यूनियन व संगठन से जुड़े लोगों की तलाश में पुलिस जगह जगह दविश दे रही है।
इस कार्रवाई से किसान नेताओं में रोष है। एडवोकेट राजकुमार गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को अधिकार देने के बजाय अपराधियों जैसा बर्ताव कर रही है। पुलिस कार्यवाही का का ठोस जवाब दिया जाएगा।
योगीराज सिंह पटेल ने चेतावनी दी है कि किसानों की मांगों को गंभीरता से नहीं लेने पर शासन और प्रशासन को भविष्य में फिर परेशानी होगी। जरूरत पड़ी तो किसान फिर सड़क पर उतरेंगे।
