इंदिरा गांधी की जयंती पर 100 से अधिक महिलाओं का सम्मान, कांग्रेस मुख्यालय में गूंजा महिला सशक्तीकरण का मुद्दा
महिला सम्मान दिवस पर चिकित्सा, मीडिया, विधि, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र की प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
लखनऊ। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती की पूर्व संध्या पर बुधवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय स्थित नेहरू भवन में ‘महिला सम्मान दिवस’ का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार पाण्डेय के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 100 से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान आयोजित विचार गोष्ठी में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के मुद्दे प्रमुखता से उठे। कार्यक्रम में चिकित्सा, मीडिया, विधि, साहित्य, अभियान्त्रिकी, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली महिलाओं को शॉल, मोतियों की माला और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि महिला सशक्तीकरण को समर्पित इस आयोजन का मंच पूरी तरह महिलाओं को सौंपा गया।
विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई। बचपन में वानर सेना के माध्यम से देशसेवा की शुरुआत करने वाली इंदिरा गांधी के जीवन में अंतिम समय तक भारत और भारतीयता सर्वोपरि रही। वक्ताओं ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर भी टिप्पणी करते हुए महिला सशक्तीकरण के दावों पर सवाल उठाए। महिला वक्ताओं ने कहा कि मंचों से महिला सम्मान और सुरक्षा की बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं, लेकिन जमीनी हकीकत में महिलाएं आज भी आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों के साथ असुरक्षा का सामना कर रही हैं।
उन्होंने महिलाओं को वास्तविक अधिकार और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया। सम्मानित होने वाली महिलाओं में डॉ. अमृता लुम्बानी, डॉ. तबस्सुम खान, सतरूपा पाण्डेय, काविश अजीज लेनिन, प्रतिभा भारद्वाज, दिव्या श्रीवास्तव, मुकुल मिश्रा, श्रुति गुप्ता, चांदनी गुप्ता वैदिका, मंजू श्रीवास्तव, अरशाना अजमत, डॉ. गीता शुक्ला, अमिता पारूल, शालिनी श्रीवास्तव, प्रिया पाण्डेय एडवोकेट, डॉ. सुधा मिश्रा, डॉ. रिचा कौशिक, प्रियंका गुप्ता, सिद्धिश्री, शीला मिश्रा, सरिता यादव और कनिष्का रफेल सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं। कार्यक्रम में सेवादल की राष्ट्रीय प्रभारी मध्य जोन कल्पना भटनागर विशेष रूप से मौजूद रहीं। आयोजन को सफल बनाने में सुशील तिवारी सोनू पंडित, अनिल देव त्यागी, लक्ष्मी नरायन दीक्षित और सतीश बिन्द ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
