पोखरभिंडा में मनरेगा कार्यों का निरीक्षण, अनियमितताओं पर कार्रवाई के निर्देश
देवरिया। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने मनरेगा योजनान्तर्गत कराए जा रहे कार्यों का Area Officer App के माध्यम से निरीक्षण किया। इस दौरान विकास खण्ड गौरीबाजार की ग्राम पंचायत पोखरभिंडा में संचालित निर्माण कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया गया। निरीक्षण के समय अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक तथा ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत पोखरभिंडा में फेकू के घर से बरबुराम के घर तक तथा राधेश्याम के घर से भान प्रताप के घर तक निर्माणाधीन सीसी रोड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर नागरिक सूचना बोर्ड (Citizen Information Board–CIB) अनुपस्थित पाया गया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार वसूली की कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीसी रोड निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी/कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि तकनीकी मूल्यांकन कराए जाने के उपरांत ही भुगतान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही संबंधित तकनीकी सहायक एवं ग्राम पंचायत सचिव को प्राक्कलन के अनुसार कार्य पूर्ण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
