स्वर्गीय सुरेश प्रसाद मेमोरियल अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

स्वर्गीय सुरेश प्रसाद मेमोरियल अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

-- 29 नवंबर तक चलेंगे मुकाबले, चार टीमें ले रहीं हिस्सा

देवरिया। शहर के रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स ग्राउंड में जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 'स्वर्गीय सुरेश प्रसाद मेमोरियल अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता' (सत्र 2026-27) का शनिवार को रंगारंग आगाज हुआ। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं समाजसेवी अरविंद सिंह उर्फ मामा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और फीता काटकर किया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 29 नवंबर को खेला जाएगा।

लीग आधार पर खेली जा रही इस प्रतियोगिता में कुल चार टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें गोरखपुर की राणा क्रिकेट एकेडमी, देवरिया क्रिकेट क्लब और स्पोर्ट्स स्टेडियम देवरिया प्रमुख रूप से शामिल हैं। आयोजन का उद्देश्य क्षेत्रीय और युवा क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धी माहौल प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारना है।

देवरिया क्रिकेट क्लब के हेड कोच नीरज बाजपेयी ने जानकारी दी कि यह टूर्नामेंट वरिष्ठ खिलाड़ी रामेश्वर प्रजापति के पिता स्वर्गीय सुरेश प्रसाद की पावन स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। उभरते खिलाड़ियों को अधिक मौका देने के लिए प्रत्येक टीम की प्लेइंग इलेवन में अंडर-17 के सात और अंडर-19 के चार खिलाड़ियों को शामिल करने का विशेष नियम बनाया गया है। कोच श्री बाजपेयी ने कहा कि यह आयोजन जिले के क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की एक सार्थक पहल है। एसोसिएशन की योजना आने वाले समय में देवरिया में जिला लीग, ओपन टूर्नामेंट और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की भी है, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सीधा मंच मिल सके।