संदिग्ध परिस्थित में महिला आरक्षी का शव दुपट्टे से लटकता हुआ मिला
अयोध्या/जौनपुर। अयोध्या जनपद के जिला कारागार में तैनात एक महिला आरक्षी का शव शनिवार को दोपहर उसके सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला है। बताया जा रहा है कि सीढ़ी लगा कर खिड़की से देखने के बाद इस मामले की जानकारी हुई और फिर इसकी सूचना पुलिस तथा मृतका के परिवार वालों को दी गई। महिला आरक्षी वार्डेन के परिजन जब मौके पर पहुंचे तो पुलिस ने एफएसएल की टीम बुला साक्ष्य संकलन कराया।
साथ ही परिवार के लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़वा शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया। मिली जानकारी के अनुसार महिला आरक्षी मूलरूप से जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र स्थित अरसिया गांव निवासी महिला जेल वार्डेन शांति यादव (28) पुत्री पृथ्वीराज यादव जिला कारागार के सामने स्थित तीन मंजिला महिला आरक्षी निवास के प्रथम तल स्थित कमरे में रहती थी।
जो वर्ष 2021 बैच की यह महिला जेल वार्डेन यहीं पद पर तैनात थी जिसकी आज दोपहर 12 बजे से उसकी ड्यूटी थी। उसके पहले महिला आरक्षी निवास में रहने वाली महिला जेल वार्डेन रेखा ड्यूटी पर तैनात थी। दोपहर ड्यूटी बदलने के दौरान शांति अपनी ड्यूटी पर जब नहीं पहुंची और इंतजार करते-करते काफी विलंब हुआ तो महिला वार्डेन रेखा ने इसकी मामले की जानकारी जेल के अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने एक महिला वार्डेन को उसके आवास भेजा, लेकिन काफी आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई उत्तर न मिला तो अनहोनी की शंका होने पर जेल अधिकारियों ने सीढ़ी मंगवा खिड़की से भीतर दिखवाया तो महिला वार्डेन पंखे के सहारे दुप्पट्टे के फंदे से लटकी दिखी। मामले की जानकारी होने पर देर शाम मृतका के परिजन जौनपुर से जनपद अयोध्या पहुंचे।
इसके बाद पुलिस ने जेल अधिकारियों और परिवार की मौजूदगी में आवास का दरवाजा तोड़ कर शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। पुलिस ने प्राथमिक जांच-पड़ताल के बाद विधि विज्ञान प्रयोगशाला की फील्ड इकाई को मौके पर बुला साक्ष्य संकलन तथा गहराई से पड़ताल कराई है। पोस्टमार्टम के लिए जिला प्रशासन से अनुमति के लिए कार्रवाई शुरू की गई। बता दें कि मृतका आरक्षी का अभी विवाह नहीं हुआ था। पुलिस टीम घटना के कारणों की पडताल में लगी हुई है।
क्षेत्राधिकारी नगर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि महिला जेल वार्डेन अपने सरकारी आवास में फंदे से लटकी मिली है। परिजनों के आने के बाद दरवाजा तोड़वा शव को नीचे उतरवाया गया है तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है। पुलिस से मौका-मुआयना और एफएसएल से साक्ष्य संकलन कराया गया है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।
