मुख्यमंत्री योगी ने संगम में किया स्नान, पूजन कर प्रदेश की समृद्धि की कामना
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जनपद प्रयागराज स्थित पावन त्रिवेणी संगम तट पर आस्था की डुबकी लगाई। संगम में स्नान के उपरांत उन्होंने मां गंगा का विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजन संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने संगम की पावनता का स्मरण करते हुए सनातन परंपरा, आस्था और संस्कृति के संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। स्नान-पूजन के दौरान संगम क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।धार्मिक मान्यता के अनुसार “त्रिवेणी माधवं सोमं, भारद्वाजं च वासुकिम्। वन्दे अक्षयवटं शेषं, प्रयागं तीर्थनायकम्॥” के अनुरूप प्रयागराज को तीर्थराज कहा गया है, जहां संगम स्नान का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। मुख्यमंत्री के इस धार्मिक अनुष्ठान को श्रद्धालुओं ने सनातन संस्कृति के प्रति सम्मान और आस्था का प्रतीक बताया।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री के संगम स्नान और पूजन से श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया तथा पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
