डीसीसी व डीएलआरसी की बैठक सम्पन्न, ऋण वितरण बढ़ाने के दिए निर्देश
देवरिया। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को गांधी सभागार, विकास भवन में जिला स्तरीय सलाहकार समिति (DCC) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की दिसंबर-2025 तिमाही बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बैंकों की प्रगति, वार्षिक ऋण योजना तथा शासकीय योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण की समीक्षा की गई। बैठक में जनपद के ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) एवं वार्षिक ऋण योजना की बैंकवार समीक्षा की गई। दिसंबर-2025 तक वार्षिक ऋण योजना के 5,63,069.65 लाख रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 4,75,072.25 लाख रुपये की उपलब्धि दर्ज की गई, जो लक्ष्य का 84.37 प्रतिशत है। कृषि क्षेत्र में 73.40 प्रतिशत तथा कुल प्राथमिकता क्षेत्र में 53.17 प्रतिशत उपलब्धि को संतोषजनक बताया गया।
हालांकि जनपद का ऋण-जमा अनुपात 42.91 प्रतिशत रहने पर मुख्य विकास अधिकारी ने इसे बढ़ाकर राज्य के औसत 59 प्रतिशत तक लाने के निर्देश दिए। 40 प्रतिशत से कम सीडी रेशियो वाले बैंकों को विशेष रूप से अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करने की हिदायत दी गई। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों को सीसीएल ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूह, व्यवसाय ऋण, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, पीएमएफएमई, एक जनपद एक उत्पाद, माटी कला योजना एवं पीएम स्वनिधि समेत विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत ऋण स्वीकृति एवं वितरण समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया।
भारतीय रिजर्व बैंक के अग्रणी अधिकारी ने ‘आपकी कुंजी आपका अधिकार’ अभियान के तहत शाखावार सूची उपलब्ध रखने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर बैंक सखी व समूह सखी के माध्यम से खाता धारकों से संपर्क कर जमा राशि वापसी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही ऋण आवेदनों के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।अग्रणी जिला प्रबंधक आर.एस. प्रेम ने पुराने नोट बदलने एवं नए सिक्कों के वितरण हेतु प्रत्येक शाखा में विशेष कैंप आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर विस्तृत चर्चा की गई। अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक आर.एस. प्रेम ने सभी उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।
बैठक में ओएसडी माननीय सांसद देवरिया सदर अभिषेक पाण्डेय, भारतीय रिजर्व बैंक के अग्रणी जिला अधिकारी समशुद्दीन, अग्रणी जिला प्रबंधक आर.एस. प्रेम, डीसी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन आलोक पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह, पीडी डीआरडीए अनिल कुमार, उद्योग विभाग से एस. सिद्दीकी, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी वीरेन्द्र प्रसाद, मत्स्य निरीक्षक रितेश कुमार शाही, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड सूरज शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद सहित विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी एवं जिला बैंक समन्वयक उपस्थित रहे।
