इंटरनेशनल साइबर क्राइम कॉन्फ्रेंस 2026 का आयोजन

इंटरनेशनल साइबर क्राइम कॉन्फ्रेंस 2026 का आयोजन

तकनीक को कानून से जोड़ना जरूरी: डॉ. जी. के. गोस्वामी

साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहें युवा: डॉ दिग्विजय सिंह राठौर

लखनऊ/जौनपुर। साइबर टेक्नो अटॉर्नीज एवं शिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को इंटरनेशनल साइबर क्राइम कॉन्फ्रेंस 2026 का सफल आयोजन किया गया। सम्मेलन में देश-विदेश से साइबर विशेषज्ञों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया और साइबर अपराध, डिजिटल गोपनीयता, ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर कानून तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से जुड़ी नई चुनौतियों पर गंभीर चर्चा की।

सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर ने कहा कि सामाजिक माध्यमों पर अपराध की प्रवृत्तियाँ तेजी से बदल रही हैं। इनसे प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तकनीकी दक्षता के साथ-साथ व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

मुख्य सत्र में उत्तर प्रदेश पुलिस के अपर पुलिस महानिदेशक एवं उत्तर प्रदेश राज्य फॉरेंसिक विज्ञान संस्थान, लखनऊ के संस्थापक निदेशक डॉ. जी. के. गोस्वामी (आईपीएस) ने कहा कि “जब तकनीक कानून के साथ जुड़ती है, तभी जनमानस का विश्वास बढ़ता है। बिना कानून के तकनीक अधूरी है, जबकि कानून तकनीक में अनुशासन स्थापित करता है।” उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता से प्राप्त सूचनाओं की सत्यता की पुष्टि करने की आवश्यकता पर बल दिया।

नेपाल सुप्रीम कोर्ट बार काउंसिल के वाइस प्रेसिडेंट सप्तकोटा ने साइबर अपराध को वैश्विक चुनौती बताते हुए नेपाल में चल रहे प्रयासों की जानकारी दी। एमिटी यूनिवर्सिटी, लखनऊ के डॉ. राजीव कुमार सिंह ने कानूनी व्यवस्था में AI की भूमिका और नियामक संतुलन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

साइबर विशेषज्ञ मोहम्मद हसन ज़ैदी ने महिलाओं और बच्चों से जुड़े साइबर कानून की जटिलताओं पर चर्चा की। डॉ. सृजन मिश्रा ने सोशल मीडिया नियमन एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के बीच संतुलन की आवश्यकता बताई। अहमद मेहंदी ने साइबर सिक्योरिटी पर व्याख्यान दिया, जबकि सना नासिर ने ऑनलाइन उत्पीड़न के मनोवैज्ञानिक प्रभावों पर विचार रखे।

गोरखपुर के न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. आदिल अंसारी ने वैश्विक साइबर अपराध के परिदृश्य पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन न्यूज़ एंकर मुमताज ने किया तथा अतिथियों का स्वागत डॉ. मिर्जा यासूब अब्बास ने किया। इस अवसर पर प्रो. भुवन भास्कर श्रीवास्तव, डॉ. एजाज अतर, प्रो. शादिक रजा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।